मधुबनी। मौसम की मेहरबानी व सुरक्षा की अभूतपूर्व व्यवस्था के बीच मिथिलांचल की इस पवित्र धरती पर लोकतंत्र का महापर्व शांतिपूर्ण सम्पन्न हो गया। लेकिन मतदान का प्रतिशत कम रहा। सिर्फ 47 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह से मतदाताओं ने 141 उम्मीदवारों की तकदीर को ईवीएम में कैद कर दिया। जिला निर्वाची पदाधिकारी संजीव हंस ने कहा कि मतदान पूरी तरह से शांतिपूर्ण रहा। कई बूथों पर ईवीएम में आयी गड़बड़ी के कारण मतदान विलंब से शुरू हुए। चार बूथों के मतदाताओं ने अपनी अलग-अलग मांगों को लेकर वोट का बहिष्कार किया। खजौली विधान सभा क्षेत्र के बसपा प्रत्याशी शंभू प्रसाद यादव के पिता सूर्यनाथ यादव, मुखिया देव नारायण यादव सहित सात लोगों को पुलिस ने मतदान में गड़बड़ी की आशंका के मद्देनजर हिरासत में ले लिया। गुरुवार की सुबह काफी सुहानी निकली। मतदाता जैसे ही घरों से वोट डालने सड़कों पर निकले कि हल्की बूंदा बांदी के साथ प्रकृति ने उनका स्वागत किया। आठ बजते-बजते तकरीबन सभी बूथों पर मतदाताओं की कतार लग गई। इसके साथ ही कहीं-कहीं ईवीएम में गड़बड़ी की शिकायत आने लगी। राजनगर विधान सभा क्षेत्र के बूथ नं. 29, 81 व 82 पर ईवीएम आई खराबी के कारण मतदान आधा घंटा विलंब से शुरू हुआ। वहीं बूथ नं. 54 मध्य विद्यालय वेल्हवाड़ बायां भाग केन्द्र पर त्रुटिपूर्ण मतदाता सूची के कारण मतदान में विलंब हुआ। नई सूची आने के बाद चुनाव प्रारंभ हुआ। इसी विधान सभा क्षेत्र के परसा स्थित बूथ संख्या 104 पर ईवीएम में बार-बार गड़बड़ी आने के कारण चुनाव प्रक्रिया बाधित होती रही। तीसरी बार ईवीएम बदलने के बाद मतदान शुरू हुआ। अंधराठाढ़ी के रतुपार स्थित बूथ संख्या 178 के मतदाताओ ंने विकास नहीं होने के विरोध में मतदान का बहिष्कार किया। फुलपरास विधान सभा क्षेत्र के बूथ संख्या 197 पर ईवीएम में आई खराबी के कारण 45 मिनट विलंब से चुनाव प्रारंभ हुआ। इस विधान सभा क्षेत्र के बूथ न. 3 के मतदाताओें ने बिजली नहीं तो वोट नहीं के नारे के साथ वोट का बहिष्कार किया। काफी मानमनौव्वल के बाद सवा बजे मतदान शुरू हुआ। पूर्व में इस बूथ के दलीय पोलिंग एजेंटों ने वोट डाले। इनकी संख्या छह थी। लौकहा विधान सभा क्षेत्र के मतदान केन्द्र संख्या 243 एवं 247 पर एक पक्ष के लोगों द्वारा मतदाताओं को हड़काने की सूचना है। प्रशासन ने इससे इनकार किया है। लौकहा के ही मतदान केन्द्र संख्या 84 व 84 क पर सशस्त्र बलों द्वारा अनावश्यक हस्तक्षेप के कारण मतदाताओं में आक्रोश दिखा। झंझारपुर विधान सभा क्षेत्र के बूथ नं. 154, 155, 117, 118, 192, 134,154 व 63 पर ईवीएम में आई गड़बड़ी के कारण मतदान विलंब शुरू हुआ। वहीं बूथ संख्या 66 वेलाराही पर पोलिंगकर्मी तृतीय मदन राम के सीने में दर्द की शिकायत और उसकी स्थिति खराब होने पर अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया। चिकित्सकों ने बताया कि उनका हर्ट अटैक हुआ।खजौली विधान सभा क्षेत्र के बूथ नं. 116 व 117 पर ईवीएम में आई गड़बड़ी के कारण एक घंटा विलंब से मतदान शुरू हुआ। बिस्फी विधान सभा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय सलेमपुर बूथ नं. 92 पर राजद व जदयू कार्यकर्ताओं में झड़प हो गई। राजद कार्यकर्ताओं ने जदयू कार्यकर्ताओ से मतदाता सूची छीन ली। बाद में तैनात सुरक्षा कर्मियों की पहल से स्थिति सामान्य हुई और मतदान शुरू हुआ। फुलपरास विधानसभा क्षेत्र के घोघरडीहा प्रखंड के बसुआरी गांव के पास ट्रैक्टर पलटने से चार जवान घायल हो गए। जिसमें से एक की स्थिति गंभीर बताई जाती है, ये लोग पेट्रोलिंग पर थे। बेनीपट्टी विधान सभा क्षेत्र के झौंझी गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय बूथ नं. 113 व 114 के 1600 मतदाताओं ने वोट का बहिष्कार किया। वे लोग सड़क निर्माण की मांग पर अड़े हुए हैं। एसडीओ, डीएसपी व प्रेक्षक ने मतदाताओं को काफी मनाने का प्रयास किया। बावजूद उनलोगों ने वोट का बहिष्कार किया। खजौली विधान सभा क्षेत्र के बूथ नं.107 के 365 मतदाताओं ने मतदान केन्द्र बदल दिए जाने के विरोध में वोट का बहिष्कार किया। इनका कहना है कि पूर्व में इनलोगों का मतदान केन्द्र बैरा स्वास्थ्य केन्द्र पर हुआ करता था जिसे इस बार बदलकर बैरा मध्य विद्यालय केन्द्र पर कर दिया गया। मधुबनी विधानसभा क्षेत्र के बूथ सं. 48 भौआड़ा में बिना पहचान पत्र के वोट डालने गई एक 80 वर्षीया वृद्धा खबीरा खातून को वोट डालने से रोक दिया गया। बाद में उसके पुत्र द्वारा राशन कार्ड दिखाए जाने पर उसे वोट डालने दिया गया। जबकि बिस्फी विधान सभा के सप्ता स्थित बूथ नं. 208, 209 एवं 210 पर बिना पहचान पत्र के वोट डालने गई कंजर महिलाओं को वोट डालने से रोक दिया गया। बाद में स्थानीय मुखिया के प्रयास से इनलोगों को वोट दिया गया।
Search This Blog
Thursday, October 21, 2010
Subscribe to:
Post Comments (RSS)
Komentar :
Post a Comment